फोटो 30जेएनडी03-रोहतक रोड, जहां पर अमरूत योजना के तहत बरसाती चैंबर नहीं बनाए हैं। स्रोत शहरवासी
जींद। शहर में करोड़ों रुपये की लागत से लागू अमरूत योजना के बावजूद कई स्थानों पर बरसाती जल निकासी के लिए चैंबर नहीं बनने से हर बारिश में जलभराव की समस्या बनी हुई है। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने योजना के तहत सीवरेज लाइन तो बिछा दी लेकिन जरूरत के अनुसार बरसाती चैंबर नहीं बनाए। उन्होंने कहा कि रोहतक रोड बाईपास से आगे तथा नई अनाज मंडी गेट के सामने वाली लाइन में एक भी बरसाती चैंबर नहीं है। इसके कारण बारिश के दौरान लंबे समय तक सड़क पर पानी जमा रहता है, जिससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होता है और राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने डीसी डॉ. वैशाली शर्मा से पूरे शहर का सर्वे कराकर जहां-जहां बरसाती चैंबरों की कमी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराने की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते इस समस्या का समाधान होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी।