फोटो संख्या:51 दुकान में लगी विभिन्न मॉडल की एसी। संवाद
महेंद्रगढ़। बढ़ती गर्मी के साथ ही एयर कंडीशनर (एसी) की मांग में तेजी आई है लेकिन इनकी कीमतों में 7 से 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने से खरीदारी पर असर पड़ रहा है। जहां पहले लोग एसी खरीद रहे थे। वहीं अब कई ग्राहक कीमतों को देखकर सोच-समझकर निर्णय ले रहे हैं।
व्यापारी सुभाष अग्रवाल, मनीष खुराना ने बताया कि बाजार में विंडो एसी 28 हजार से 35 हजार रुपये तक की एसी मिली रही है। स्प्लिट एसी 32 से 50 हजार में बिक रही है। शहर के बाजारों में इन दिनों एसी खरीदने के लिए प्रतिदिन करीब 15 शोरूम और दुकानों पर ग्राहक पहुंच रहे हैं।
दाम बढ़ने के कारण पहले जैसी रफ्तार नहीं दिख रही। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ सप्ताह में कंपनियों ने एसी की कीमतों में बढ़ोतरी की है।
महेंद्रगढ़ के बाजार में इस समय एसी की कीमतें लगभग 28 हजार रुपये से लेकर 48 हजार रुपये तक पहुंच गई हैं। ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कंपनियों ने नए और आसान मॉडल भी बाजार में उतारे हैं, जिनमें बिजली की कम खपत, आसान इंस्टॉलेशन और किफायती फीचर्स शामिल हैं।
ये मॉडल खासतौर पर मध्यम वर्गीय परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कीमतों में वृद्धि के बावजूद प्रतिदिन शोरूमों पर औसतन 10 से 15 एसी की बिक्री हो रही है। गर्मी के लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोग राहत पाने के लिए एसी खरीदने को मजबूर हैं।