जिले में ग्राम सचिव की परीक्षा नारनौल व महेंद्रगढ़ में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर रविवार को दूसरे दिन भी शांतिपूर्वक तरीके से हुई। नारनौल के 18 और महेंद्रगढ़ में 19 स्कूलों में इसके परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर जिले में रविवार को 23809 अभ्यर्थियों में 13580 ने परीक्षा दी। सुबह के सत्र में 13640 परीक्षार्थियों में से 8590 ने परीक्षा दी, जबकि 5050 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सायंकालीन सत्र में 10169 में 4990 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 5179 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस दौरान सेंटरों पर नकल की रोकथाम के लिए पुलिस सुरक्षा भी रही।
बता दें कि परीक्षा केंद्र में निगरानी के लिए सीसीटीवी, सिग्नल जैमर लगाए गए थे। उड़नदस्तों के जरिये परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों ने जांच की। केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रही। इस दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया। रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गए थे। परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से पहले उनकी थर्मल स्कैनिंग की गई। शरीर का तापमान सही मिलने और मास्क लगाने के बाद ही परीक्षार्थियों केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। हाथ को सैनिटाइज करने के बाद हर परीक्षार्थी की वीडियोग्राफी कराई गई। आगे उनके कागजात समेत अन्य जांच की गई। सही कागजात मिलने के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर जाने दिया गया।
नारनौल में यहां हुई परीक्षा
नारनौल में एमएलएस डीएवी स्कूल, सरस्वती स्कूल नसीबपुर, सीएल पब्लिक स्कूल, हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल नांगल चौधरी रोड, पीजी कॉलेज नारनौल, राजकीय महिला कॉलेज, बीएड कॉलेज, बाबा खेतानाथ बहुतकनीकी कॉलेज, यदुवंशी शिक्षा निकेतन, एएसडी सीनियर सेकेंडरी पुल बाजार, राजकीय कन्या स्कूल, गोविंद सिंह स्कूल, सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरस्वती बाल मंदिर, गुरु द्रोणाचार्य स्कूल, आदर्श हाईस्कूल व यादव हाईस्कूल में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा दो सत्र में हुई। सुबह परीक्षा का समय 10:30 से 12:00 बजे तक रहा। केंद्र में प्रवेश करने का समय सुबह 8:30 से 9:30 बजे तक रखा गया है। शाम के सत्र में होने वाली परीक्षा का समय 3:00 से 4:30 बजे तक रहा।
जिले में ही परीक्षा होने से भागदौड़ कम
सरकार ने गृह जिले में ही परीक्षा सेंटर देने से परीक्षार्थियों में खुशी है। शहर में ही परीक्षा केंद्र होने से परीक्षार्थियों को भागदौड़ नहीं करनी पड़ी। वहीं शहर में जाम की स्थिति भी नहीं बनी। गृह जिले में परीक्षा होने से न केवल आने जाने की परेशानी से बचे, बल्कि खर्च भी बचा।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने नहीं लगाए मास्क
ग्राम सचिव की परीक्षा के दौरान सीएल स्कूल में आयोजित केंद्र पर अजीब नजारा देखने को मिला। परीक्षा केंद्र में दाखिल होने के लिए लाइन में लगे परीक्षार्थियों को एएसआई ने मास्क लगाने को कहा। लेकिन एएसआई ने खुद मास्क लगाना उचित नहीं समझा। वहीं उनके साथ एक महिला एएसआई भी बिना मास्क लगाकर ड्यूटी दे रही थी। जब एएसआई से मास्क लगाने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि हम पर नियम लागू नहीं होते। जब इस बारे में डीएसपी हेडक्वार्टर से बात की तो उन्होंने कहा कि मामला लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा है। इसलिए उचित कार्रवाई की जाएगी।