महेंद्रगढ़। स्पेशल स्टाफ महेंद्रगढ़ व पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापा मारकर अवैध रूप से रखे शराब सहित दो आरोपियों को काबू किया है, जबकि दो आरोपी मौके से भाग गया। महेंद्रगढ़ सीटी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के मोहल्ला कुम्हारान में अरविंद उर्फ छोटिया निवासी मेघनवास अवैध ढंग से शराब बेच रहा है। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसकी तलाशी ली तो उसके पास 10 पेटी बीयर और 328 बोतल व पव्वा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शहर थाना महेंद्रगढ़ में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वहीं दूसरी ओर स्पेशल स्टाफ महेंद्रगढ़ को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव डैरोली जाट निवासी रणबीर जिसका डैरोली अहीर में शराब का ठेका है। आबकारी विभाग द्वारा ठेके को सील करने के बावजूद भी आरोपी ठेके के सामने शराब रखकर बिक्री कर रहा था। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने जांच की तो 159 बोतल शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना महेंद्रगढ़ में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तीसरे मामले में सतनाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रवि निवासी सतनाली अपने प्लाट में बनी दुकान के आगे प्लास्टिक के कट्टे में शराब रखकर बिक्री कर रहा है। जब पुलिस टीम जांच को पहुंची तो आरोपी को भनक लग गई, जिसके बाद मौका पाकर भाग गया। पुलिस ने प्लास्टिक कट्टे की जांच की तो 44 पव्वा शराब बरामद हुई। सतनाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। चौथे मामले में कनीना शहर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आर्य समाज मंदिर कनीना के पास दुकान पर सूचना के आधार पर छापा मारा। पुलिस ने आरोपी को काबू कर सात बोतल अवैध शराब बरामद की। आरोपी पुरुषोत्तम निवासी वार्ड नंबर-2 के खिलाफ कनीना शहर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।