महेंद्रगढ़। थाना सदर महेंद्रगढ़ के क्षेत्र में गांव खातौद से युवती का अपहरण करने के मामले में पुलिस ने वारदात को अंजाम देने में शामिल छह आरोपियों से रिमांड के दौरान वारदात में प्रयोग हथियार व अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने राजस्थान क्षेत्र से आरोपी मुरारीलाल निवासी शोहपुर मुंडावर राजस्थान, कृष्ण निवासी बसई चौहान हरसोरा राजस्थान, उदयपाल निवासी कल्याणपुरा बहरोड़ राजस्थान, नवल किशोर सबलगढ़ मुंडावर राजस्थान, बलवान निवासी बलाना महेंद्रगढ़ और विजय निवासी पांचनौता नांगल चौधरी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया था। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ कर आरोपियों से वारदात में प्रयोग किया गया अवैध देसी कट्टा व दो कारतूस, लाठी डंडे व गाड़ी बरामद किए हैं। आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि 12 फरवरी शाम सात बजे गांव खातोद में हमला कर युवती को जबरदस्ती अपने साथ ले जाया गया था। इस दौरान हुई फायरिंग में युवती की सास के पैर में गोली भी लगी थी। वारदात के 24 घंटे बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की गांव बलाना में जमीन है तथा परिजन उसकी जमीन का लालच रखते थे। पुलिस ने रिमांड के दौरान सख्ती से पूछताछ करते हुए आरोपी मुरारी से वारदात में प्रयोग किया गया एक देसी कट्टा व 2 कारतूस, कृष्ण व बलवान से एक एक डंडा और आरोपी नवल किशोर व उदयपाल से एक एक बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है।
परिवार को दी पुलिस सुरक्षा
परिवार द्वारा मांग के बाद पुलिस विभाग द्वारा दिन के समय एक व रात के समय दो पुलिस कर्मचारियों की तैनाती पीड़ितों के घर पर कर दी गई है। परिजनों ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि वारदात के बाद उनके परिवार को सुरक्षा का खतरा है।