व्यायामशाला में खराब खड़ी हाईमास्ट लाइट। स्रोत : स्थानीय नागरिक
धारूहेड़ा। खरखड़ा स्थित व्यायामशाला में अंधेरा रहने और परिसर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के मामले में हरियाणा राज्य मानवाधिकार आयोग ने सख्ती दिखाई है। 12 मार्च को हुई सुनवाई में आयोग के सदस्य डीप भाटिया ने बिजली निगम और पंचायत विभाग से ताजा स्थिति रिपोर्ट तलब करते हुए अगली सुनवाई 6 अगस्त निर्धारित की है।
गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने व्यायामशाला से गुजर रही बिजली लाइन, परिसर में अंधेरा, खराब स्ट्रीट लाइट और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। आयोग ने आदेश की प्रति संबंधित विभागों को भेजते हुए अगली सुनवाई से पहले विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के समक्ष दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ (ऑपरेशन), सब-डिवीजन धारूहेड़ा की रिपोर्ट में बताया गया कि 11 केवी लाइन को शिफ्ट करने के लिए साइट का निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग तय कर लिया गया है। इसके बाद लाइन शिफ्टिंग का अनुमान तैयार कर सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृति भी प्राप्त कर ली गई है।
रिपोर्ट में बताया गया कि लाइन शिफ्टिंग का कार्य करवाने के लिए धारूहेड़ा की एक फर्म को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। अवगत कराया कि जिस खेत के रास्ते से नई लाइन प्रस्तावित की गई है वहां इस समय गेहूं की फसल खड़ी है।
ऐसे में फिलहाल कार्य करना संभव नहीं है क्योंकि इससे किसानों की फसल को नुकसान हो सकता है। फसल कटाई के तुरंत बाद प्राथमिकता के आधार पर लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा और एक सप्ताह के भीतर पूरा कर दिया जाएगा।
-
पंचायत विभाग को भी नोटिस
मामले में जिला नगर आयुक्त रेवाड़ी की रिपोर्ट में बताया गया कि संबंधित स्थान नगरपालिका धारूहेड़ा के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता बल्कि यह ग्राम पंचायत खरखड़ा के अंतर्गत आता है। आयोग ने व्यायामशाला परिसर में स्ट्रीट लाइट बंद रहने और अंधेरा रहने की शिकायत को गंभीर मानते हुए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी और बीडीपीओ रेवाड़ी से भी रिपोर्ट तलब की है।