महेंद्रगढ़। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार की ओर से समाधान शिविर में किसान की शिकायत के संदर्भ में बिजली निगम के बारे में दिया गया बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, भ्रामक एवं कर्मचारियों की छवि को धूमिल करने वाला है। एचएसईबी वर्कर्स यूनियन इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की।
उन्होंने कहा कि बिना विभागीय अधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी लिए इस प्रकार का सार्वजनिक बयान देना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे बिजली विभाग के कर्मचारियों के प्रति जनता में गलत संदेश जाता है।
बिजली विभाग के कर्मचारी अत्यंत कठिन परिस्थितियों में दिन-रात उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद इस प्रकार के गैर-जिम्मेदाराना बयान कर्मचारियों के मनोबल को ठेस पहुंचाने वाले हैं और इससे फील्ड में कार्य कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
यूनियन स्पष्ट करना चाहती है कि इस प्रकरण का पुरजोर विरोध किया जाएगा और यदि भविष्य में इस प्रकार के गैर-तथ्यात्मक और कर्मचारियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले बयान दिए जाते हैं तो एचएसईबी वर्कर्स यूनियन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
यूनियन प्रशासन से मांग करती है कि इस प्रकार के बयान से परहेज किया जाए व कर्मचारियों की गरिमा और सम्मान को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस मौके पर जेई जितेंद्र, जेई नवीन, यूनिट प्रधान नवीन, सचिव अनिल कुमार, सिटी सब यूनिट प्रधान प्रवीण, सचिव नवीन कुमार, सब अर्बन सब यूनिट सचिव दीपक माजरा, गौरी शंकर एएफएम, संजीव एएलएम, दीपक एएलएम सहित बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।