फोटो संख्या:52- हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़--स्रोत- हकेंवि
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) ने टाइम्स हायर एजुकेशन की विश्वविद्यालय रैंकिंग में दुनिया के 1001-1200 वैश्विक संस्थानों की सूची में शामिल होने का गौरव प्राप्त किया है।
रैंकिंग में देश के 128 भारतीय विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय स्तर पर 44वां स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय पहली बार इस रैंकिंग में शामिल हुआ और एक बड़ी छलांग के साथ देश के श्रेष्ठ संस्थानों की सूची में शामिल हुआ है।
कुलपति प्रो टंकेश्वर कुमार ने इस उपलब्धि के लिए सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी। कहा है कि यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है कि विश्वविद्यालय को पहले ही प्रयास में टाइम्स हॉयर एजुकेशन रैंकिंग में दुनियाभर के शिक्षण संस्थानों में 1001-1200 वैश्विक संस्थानों की सूची में शामिल होने व देश के 128 राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों में 44वां स्थान हासिल हुआ है।
वैश्विक गुणवत्ता अनुसंधान में विश्वविद्यालय को 781वां स्थान प्राप्त हुआ है। विश्वविद्यालय उत्कृष्टता की और अग्रसर है। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय देश का प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय बने इस दिशा में ही निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह उपलब्धि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता, प्रभावशाली शोध और अंतरराष्ट्रीय दृश्यता के प्रति हमारे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। हम अपने वैश्विक सहयोग को मजबूत करना जारी रखेंगे और और भी अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।
विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय ने शोध की गुणवत्ता के मानदंड में वैश्विक स्तर पर 781वां स्थान प्राप्त किया है, जो शोध और नवाचार पर हमारे रणनीतिक फोकस को दर्शाता है हकेंवि एक उत्कृष्ट शोध शिक्षण संस्थान के रूप में उभर रहा है। कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय सभी के सामूहिक प्रयासों से विश्वविद्यालय इस उपलब्धि को हासिल कर सका है। आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. सुरेंद्र सिंह ने कहा है कि 44वें स्थान पर आना सीयूएच की गुणवत्ता संस्कृति, शोध क्षमता, दूरदर्शी नेतृत्व और शैक्षणिक अखंडता का प्रमाण है।