नारनौल। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कैंपस में हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन की एक बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता जिला प्रधान कृष्ण कुमार नंगली व डॉ. जसवंत यादव ने की। इस बैठक में टीचर डेली डायरी को ऑनलाइन अपडेट करने में लगने वाले समय के कारण शिक्षण अधिगम कार्य को लेकर सभी ने चिंता व्यक्त की। जिला महेंद्रगढ़ में अधिकतर स्कूलों में केवल दो व कुछ स्कूलों में केवल एक ही प्राथमिक शिक्षक कार्यरत है। ऐसे में डायरी ऑनलाइन लिखने में बहुत ज्यादा समय लगता है। इसके अलावा प्रदेश के सभी शिक्षक ऑफलाइन मोड में अपनी डायरी लिख रहे हैं। जिसे प्रत्येक दिन स्कूल मुखिया द्वारा सत्यापित किया जाता है और समय-समय पर उच्च अधिकारियों द्वारा इसका निरीक्षण भी किया जाता है। एसोसिएशन खंड महेंद्रगढ़ प्रधान सुरेंद्र जौनवासिया, नांगल चौधरी खंड प्रधान विजय दलाल, प्रधान रामकिशन गोमला कनीना, अटेली प्रधान मनोज सोलंकी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक पहले से ही कई प्रकार की जानकारियां ऑनलाइन कर रहा है परंतु डायरी लेखन ऑनलाइन अपडेशन प्रक्रिया लंबी है। इसके अलावा कई क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी समस्याएं भी रहती है। जिला वरिष्ठ उप प्रधान सुरेश यादव, उप प्रधान राजेंद्र यादव व जिला सचिव अभय यादव ने बताया कि यह जटिल प्रक्रिया होने के कारण निश्चित तौर पर शिक्षकों को नन्हे बच्चों को पढ़ाने में कम समय मिलेगा। हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन राज्य सचिव सुबे सिंह व डेमोक्रेटिक स्कूल टीचर एसोसिएशन राज्य सचिव महेश यादव विशेष रूप से इस अवसर पर मौजूद रहे।
जिला प्रधान कृष्ण कुमार नंगली ने कहा कि प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के पेरेंट्स भी यह चाहते हैं कि शिक्षक अधिक से अधिक समय उनके बच्चों को पढ़ाने में दे। जिला प्रधान ने इस कार्य को अव्यवहारिक व विद्यार्थियों के हित में नकारात्मक बताते हुए सर्वसम्मति से शिक्षा मंत्री हरियाणा सरकार तथा निदेशक शिक्षा विभाग को डीईईओ के माध्यम से अनुरोध पत्र भेजने का निर्णय लिया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि संगठन का यह अनुरोध पत्र सकारात्मक रूप से भेजा जाएगा। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष संजय योगी, जिला संयोजक देवीदत्त, उप प्रधान योगेंद्र यादव, संगठन सचिव बंसीलाल, प्रेस सचिव वेद प्रकाश, सह सचिव श्यामसुंदर, नांगल चौधरी खंड से प्रेस सचिव महिपाल कालोरिया, ऑडिटर सुरेंद्र यादव समेत अनेकों शिक्षक मौजूद रहे।