नारनौल में पत्रकारों से बातचीत करते उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला। संवाद
- फोटो : Narnol
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा जीएसटी प्राप्ति में अभूतपूर्व तरक्की कर रहा है। पिछले वर्ष नवंबर में 5900 करोड़ रुपये जीएसटी कलेक्शन हुआ था जबकि इस बार नवंबर में 6 हजार करोड़ तक पहुंच गया है। इसी प्रकार वेट कलेक्शन में भी कोई गिरावट नहीं है। यह प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत अच्छे संकेत हैं। वह वीरवार देर शाम नुनी शेखपुरा मोड़ नसीबपुर स्थित एक निजी अस्पताल के उद्घाटन अवसर पर प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों से बातचीत रहे थे।
उन्होंने कहा कि एविएशन के क्षेत्र में भी प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। प्रदेश में एविएशन फ्यूल पर टैक्स 21 फीसदी से घटाकर एक फीसदी कर दिया गया है। आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। बाछौद हवाई पट्टी पर भी जल्द ही फ्लाइंग स्कूल का कार्य शुरू हो जाएगा। डीजीसीए से परमिशन मांगी गई है। परमिशन मिलते ही एजेंसी छात्रों के एडमिशन शुरू कर देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार देने के लिए 15 जनवरी से निजी क्षेत्रों में 75 फीसदी आरक्षण का नियम लागू करने जा रही है। प्रदेश के कौशल युक्त युवाओं को कहीं भी नौकरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। पंचायती चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है और उम्मीद है कि इस संबंध में जल्द कोई फैसला आएगा। इस मौके पर बीजेपी के जिला प्रधान राकेश शर्मा, पूर्व सीपीएस अनीता यादव, मनीष शर्मा आदि मौजूद रहे।