महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ बस स्टैंड को हराभरा बनाने के लिए अब 8.50 लाख रुपये की लागत से 207 फुट की ग्रीन बेल्ट बनाने का कार्य बुधवार से शुरू किया गया। बस स्टैंड के दोनों मुख्य गेटों से परिसर तक एक फुट ऊंचाई की दीवार बनाकर उसके बीच में बचे हुए रास्ते को इंटरलॉकिंग टाइलों से सजाया जाएगा। इसके अलावा दीवार के दोनों ओर 10-10 फुट की ग्रीन बेल्ट में छायादार पौधे लगाए जाएंगे।
बुधवार को निर्माण कार्य का शुभारंभ अड्डा इंचार्ज वेदप्रकाश ने विधिवत नारियल फोड़कर किया। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड के सुंदरीकरण के लिए काम शुरू किया जा चुका है। अब भविष्य में योजना बनाकर बस स्टैंड का कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीएम नवीन शर्मा द्वारा समय-समय पर बस स्टैंड का निरीक्षण किया जाता है। इस दौरान जो भी खामियां पाई जाती हैं उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाता है। पिछले दिनों दोनों मुख्य गेटों पर बोर्ड भी लगवाए गए हैं।
सड़क के दोनों किनारों पर लगाई जाएंगी सोलर लाइटें
अड्डा इंचार्ज ने बताया कि बस स्टैंड के दोनों मुख्य सड़कों के दोनों ओर सोलर लाइटें लगवाने का प्रस्ताव भी जीएम को भेजा जाएगा। मुख्य द्वार से बस स्टैंड परिसर की करीब 150 मीटर की दूरी तक दोनों आवागमन के दोनों मार्गों पर लाइटें लगवाने की दिशा में योजना तैयार की जा रही है।