शारीरिक शिक्षकों ने अपना क्रमिक अनशन चितवन वाटिका में 77वें दिन भी संघर्ष समिति के वरिष्ठ सदस्य निहाल सिंह खंडेलवाल की अध्यक्षता में जारी रखा। रविवार को अनशन पर महेंद्र सिंह, धर्मेंद्र शेरावत, विनोद बडेसरा व संजीव शर्मा को माला पहनाकर अनशन पर बैठाया। मंच संचालन हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला सचिव दिनेश यादव ने किया।
इस अवसर पर दिनेश यादव ने बताया कि पीटीआई अध्यापकों का क्रमिक अनशन 77वें दिन में पहुंचने के पश्चात भी सरकार द्वारा कोई संज्ञान नही लिया गया है। जिला सचिव महेश यादव ने कहा की पीटीआई अध्यापकों के मामले में सरकार द्वारा इतनी तत्परता दिखाना कहीं न कहीं सरकार को संदेह के दायरे में खड़ा करता है। उन्होंने कहा की पहले तो सरकार ने पीटीआई अध्यापकों को जल्दबाजी में विद्यालयों से रिलीव कर दिया और कोरोना काल में ही भर्ती परीक्षा आयोजित कर दी। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह राजनीतिक विद्वेष की भावना को त्यागकर अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए पीटीआई अध्यापकों का रोजगार बहाल करने का प्रयास करें। रमेश कुमार ने कहा कि सरकार पीटीआई अध्यापकों के साथ निश्चित रूप से राजनीति कर रही है। उन्होंने सरकार पर राजनीतिक विद्वेष से ग्रस्त होने का आरोप लगाते हुए मांग की कि यदि ऐसा नहीं है तो सरकार पीटीआई अध्यापकों का रोजगार बहाल करके यह साबित करे कि वह राजनीतिक द्वेष भावना से ग्रस्त नहीं है और वास्तव में हरियाणा को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए कृत संकल्प है। इस मौके पर राज्य सचिव धर्मपाल शर्मा, ब्लॉक प्रधान हवा सिंह व सुभाष सोनी समेत अनेक पीटीआई अध्यापक मौजूद थे।