कनीना। डीएपी खाद न मिलने से जिदे के किसान परेशान तथा निराश हैं। बहुजन समाज पार्टी के नेता और समाजसेवी अतरलाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से तत्काल किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराने के पुख्ता प्रबंध करने की मांग की है।
किसानों से मिलने के बाद अतरलाल ने कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध न करवा कर राज्य सरकार ने किसानों की कमर तोड़ दी है। बिजाई का मौसम निकलता जा रहा है परंतु किसानों को डीएपी खाद उनकी मांग के अनुरूप नहीं मिल रही है। इससे उनकी पैदावार पर असर पड़ेगा और किसानों को भारी आर्थिक हानि उठानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को जब पता था कि इस मौसम में डीएपी खाद की ज्यादा जरूरत होती है, तो सरकार ने पहले से ही पुख्ता प्रबंध क्यों नहीं किया। डीएपी खाद के लिए किसान आत्महत्या कर रहे हैं। किसान सारे सारे दिन लाइनों में लगते हैं और शाम को बैरंग लौटते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य सरकार ने तीन दिन के अंदर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करवाने की पुख्ता कार्रवाई नहीं की, तो बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता उपमंडल अधिकारी व कनीना के कार्यालय का घेराव करेंगे। इस अवसर पर भाग सिंह चेयरमैन, दान सिंह प्रजापत, कैलाश सेठ, राकेश यादव, अशोक खोड़ व शेर सिंह यादव आदि पदाधिकारी गण भी उनके साथ थे।