राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव महरमपुर स्थित दोहान नदी के पाट में पानी का निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : Narnol
नारनौल। हरियाणा सरकार योजनाबद्ध तरीके से दक्षिणी हरियाणा में नहरी पानी में बढ़ोत्तरी कर रही है। पिछले छह-सात साल से जिले में नहरी पानी में लगातार बढ़ोत्तरी हुई है। जिले के अंतिम छोर तक दोबारा से शुरू हो चुके ट्यूबवेल इस बात का प्रमाण है कि सरकार उपलब्ध पानी के समान बंटवारे में कितनी गंभीर है।
यह बात सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने शनिवार को दोचाना माइनर से महरमपुर स्थित दोहान नदी के पाट में पानी का निरीक्षण करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से दोचाना माइनर से महरमपुर स्थित दोहान नदी के पाट में पानी छोड़ा गया तथा यह पानी महरमपुर से दोहान नदी के रास्ते बापडोली तक जाएगा।
उन्होंने कहा कि दोहान नदी में लगातार नहरी पानी डाला जा रहा है जिससे नारनौल विधानसभा क्षेत्र के 2 दर्जन से भी अधिक गांव में कुओं का जलस्तर बढ़ा है। अभी नहरों में कुछ दिन और लगातार पानी चलेगा जिससे आने वाले समय में जल स्तर में सुधार होगा। वर्ष 2014 में भाजपा की सरकार बनाने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष जिला की सबसे बड़ी पानी की समस्या रखी गई थी। इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि कालू टांडू, महरमपुर के पूर्व सरंपच सतपाल लांबा, रोहतास चेयरमैन, नांगल काठा के पूर्व सरंपच राजकुमार यादव व छोटू पहलवान आदि मौजूद रहे।