फोटो संख्या:55- आईटीआई रोड पर गाड़ी को फूलों से सजाता दुकानदार---संवाद
महेंद्रगढ़। अक्षय तृतीया के अवसर पर रविवार को विवाह समारोहों की धूम रही। इससे शहर की करीब 15 वाटिकाएं रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और फूलों की सजावट से जगमगा उठीं। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और दुल्हनें नए जीवन की शुरुआत कर ससुराल पहुंचीं
वाटिकाओं को इस बार विशेष थीम पर सजाया गया जिसमें फूलों के भव्य गेट, झूमर लाइटें, रंगीन पर्दे और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। भरत खुराना और अंतिम भार्गव सहित आयोजकों ने अलग-अलग थीम पर शानदार सजावट कर माहौल को और भव्य बना दिया।
शादी समारोहों में दुल्हनों की एंट्री और सजावट से माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। रात के समय लाइटों की जगमगाहट ने वाटिकाओं की खूबसूरती को और बढ़ा दिया।
इसी के साथ शादी में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियों की सजावट का भी खास ट्रेंड देखने को मिला। शहर की पांच प्रमुख दुकानों पर 72 गाड़ियों की बुकिंग दर्ज की गई।
दुकानदार नरेश ने बताया कि गाड़ियों को ताजे फूलों, रिबन, नेट और लाइटों से सजाया गया, जिसकी कीमत 2100 से 5000 रुपये तक रही। अक्षय तृतीया के कारण इस बार सजावट कारोबारियों को अच्छा लाभ मिला और लगातार बुकिंग से काम में व्यस्तता बनी रही।