पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। संवाद
- फोटो : Narnol
फाइनेंस कंपनी को धोखा देने के लिए गाड़ी पर फर्जी नंबर लगाकर इस्तेमाल करने वाले चार युवकों को महावीर चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान गांव मुकुंदपुरा निवासी अजीत उर्फ राव, विक्रम उर्फ चोटी, सतीश और पूर्णमल उर्फ कालू के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से गाड़ी के पंजीकरण सहित अन्य प्वाइंट पर पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने, फर्जी आरसी और अवैध हथियार सहित गाड़ी में घूम रहे चार युवकों को पकड़ा है। महावीर चौकी पुलिस को सूचना मिली कि नीरपुर चौक के पास एक काले रंग के शीशे लगे बोलेरो गाड़ी खड़ी है। गाड़ी के नंबर प्लेट पर ग्रीस लगाई गई है। गाड़ी में चार युवक हैं और किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापा मारा तो युवकों ने भागने की कोशिश की, मगर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने गाड़ी के कागजात के बारे में पूछा तो चालक की सीट पर बैठे युवक अजीत ने आरसी की कॉपी निकालकर दी। पुलिस द्वारा आरसी की जांच की गई तो वग गड़बड़ मिली। आरसी पर गाड़ी के चेसिस नंबर और इंजन नंबर की जांच की गई तो मिला कि युवक ने फर्जी आरसी दिखाई है और गाड़ी पर नंबर प्लेट भी फर्जी लगाई हुई है। इस पर युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से कट्टा और एक कारतूस मिला। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से एक टंपरेरी नंबर प्लेट भी मिली।
आरोपियों से पूछताछ करते हुए पुलिस ने पता लगाया कि लोन पर गाड़ी लेकर गाड़ी की किस्त देनी बंद कर दी थी और फाइनेंस कंपनी से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट बनवा ली थी। पुलिस ने पता लगाया कि पकड़े गए आरोपी आपराधिक प्रवृति के हैं और अपराध करने की नीयत से गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे। आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने से बचने के लिए गाड़ी की फर्जी आरसी, फर्जी नंबर प्लेट बनवाई हुई है। पुलिस ने पता लगाया कि आरोपी अजीत पर पहले भी छेड़छाड़, अवैध माइनिंग और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।