नारनौल। सरकार ने अग्निपथ योजना के तहत जल, थल व वायु सेेना विंग में भर्ती के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना को लेकर भले ही शुरुआत में युवकों में रोष था, लेकिन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही युवक अधिक से अधिक आवेदन करने में जुटे हुए हैं। 25 जून से शुरू हुई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के तहत अब तक जिले में दो हजार के करीब युवकों ने भर्ती के लिए पंजीकरण कराया है। तीनों विंगों में युवक 30 जुलाई तक पंजीकरण कर सकते हैं। हरियाणा की बात करें तो प्रदेश में अब तक चार लाख के करीब युवाओं ने तीनों सेना विंगों के लिए पंजीकरण कराया है। भले ही कुछ लोग सरकार की योजना को युवा हितैषी नहीं मान रहे हैं, लेकिन अब तक हुए पंजीकरण से यही लगता है कि युवकों में भर्ती के लिए उत्साह है।
बता दें कि केंद्र सरकार ने जून माह में अग्निपथ योजना की शुरुआत की थी। जिसके तहत 17 से 24 वर्ष के युवाओं को चार वर्ष के लिए सेनाओं में भर्ती किया जाएगा। जिसके बाद देश ही नहीं हरियाणा प्रदेश में युवकों ने अग्निपथ योजना के विरोध में जमकर उत्पात मचाया था। जिला महेंद्रगढ़ में इस योजना का विरोध देखने को मिला। जिसमें युवाओं ने नारनौल व महेंद्रगढ़ में वाहनों में तोड़फोड़ की थी। जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने जिले में धारा 144 लागू करने के साथ-साथ जिले के सभी कोचिंग सेंटरों को भी आगामी आदेश तक बंद करवा दिया था। मगर जिले में केवल दो दिन ही युवाओं का विरोध सामने आया था। जिसके बाद जिले में शांति बनी हुई है। जिला महेंद्रगढ़ सैनिक बाहुल्य क्षेत्रों में से एक है। जिले में हजारों जवान तीनों सेनाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सबसे अधिक युवाओं ने थल सेना के लिए पंजीकरण करवाया है।
इंसेट
योजना से युवकों के साथ खिलवाड़ होगा और युवक चार साल बाद बेरोजगार हो जाएगा। इसलिए युवा आगे के भविष्य को लेकर चिंतित है। सरकार को चाहिए कि सेवानिवृत्ति के बाद युवाओं को अन्य रोजगार देने का कार्य करे। ताकि उसका भविष्य सुरक्षित हो सके।-रिंकू गुर्जर।
-------
सेना में चार साल की ट्रेनिंग भी नहीं हो पाती है और सरकार युवकों को चार साल बाद नौकरी से निकाल देगी। इस प्रकार युवा चार साल की नौकरी के बाद बेरोजगार हो जाएगा। सरकार नौकरी की समय सीमा चार से बढ़ाकर सात साल या इससे अधिक करनी चाहिए।-राहुल।
-------
सरकार की अग्निपथ योजना युवाओं के हित में है। इस योजना से देश को युवा सैनिक मिलेगा। वहीं चार साल बाद हजारों अन्य युवाओं को भी मौका मिलेगा। युवाओं में शंका बनी हुई है कि चार साल बाद वे बेरोजगार हो जाएंगे, लेकिन प्रदेश सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद स्थायी रोजगार देने की गारंटी दी है।-मयंक यादव।