मंडी अटेली। पालतू कुत्ते को पीटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव सिलारपुर निवासी मनोज देवी ने पुलिस शिकायत में कहा कि गत 25 जुलाई को वह राशन की सरकारी दुकान पर राशन लेने जा रही थी। उसके पीछे उसका पालतू कुत्ता भी चल रहा था। जब गांव के निवासी रोहतास नामक व्यक्ति की दुकान के आगे से निकली तो रोहतास ने लाठी लेकर कुत्ते को मारना शुरू कर दिया। बार-बार मना करने पर भी उसने कुत्ते को इतना मारा की उसकी मौत हो गई।
वहीं, दूसरी ओर रोहतास ने पुलिस शिकायत में कहा कि मनोज देवी का कुत्ता उसके 12 वर्षीय पोते हनी को काटने के लिए दौड़ा तो उसे धमकाने के लिए लकड़ी मारी थी। इससे उसकी मौत नहीं हुई, लेकिन मनोज देवी, अजय, संजय, राखी व खुशीराम ने दुकान पर आकर मारपीट शुरू कर दी। वहीं दुकान का सामान भी नष्ट कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं, जिसका उपचार चल रहा है।