गांव डेरोली अहीर स्थित शराब ठेके पर दो मोटरसाइकिलों पर आए नकाबपोश चार युवकों ने ठेकेदार के कारिदों से मारपीट कर 29 हजार नकदी छीनने और शराब की बोतलें तोड़ने के मामले में सीआईए टीम ने एक ओर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवन निवासी डेरोली अहीर के रूप में हुई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में पहले पुलिस द्वारा चार आरोपियों डेरोली अहीर निवासी नितेश, अंकित, अनीश को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि इस संबंध में रेवाड़ी के मुसपुर गांव निवासी विकास और डेरोली जाट निवासी जगजीत सिंह ने थाना सदर महेंद्रगढ़ पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दोनों ठेके पर बतौर सेल्समैन कार्य करते हैं। 13 जून की रात को वे दोनों डेरोली अहीर स्थित शराब ठेके पर तैनात थे, रात के समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और शराब ठेके में तोड़फोड़ शुरू कर दी और ठेके पर रखे कैश लगभग 29 हजार रुपये लूट लिए और साथ ही अंग्रेजी शराब की पेटी, बियर की पेटी व अंग्रेजी शराब के अध्धे व पव्वे तोड़ डाले। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।