फोटो संख्या:54 कनीना में चेयरमैन को मांगपत्र सौंपते किसान व पार्षद। संवाद
- फोटो : आईआईए के चेयरमैन उदित आजाद।
कनीना। कनीना से कोटिया गांव की ओर जाने वाले खेतों के कच्चे रास्ते की बदहाल स्थिति किसानों की परेशानी का कारण बनी हुई है। समस्या को लेकर वार्ड नंबर एक के पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र फौजी ने मार्केट कमेटी कनीना के चेयरमैन जेपी कोटिया को ज्ञापन सौंपते हुए कनीना से कोटिया तक जाने वाले रास्ते को पक्का करवाने की मांग की है।
कच्चे मार्ग से किसानों को खेतों तक आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि वर्तमान हालात में ट्रैक्टर व कृषि यंत्रों से खेतों तक पहुंचाना तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। बरसात के मौसम में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ व पानी से भर जाता है जिससे फसल ढुलाई और कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित होते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कोटिया गांव की सीमा तक यह मार्ग पहले से ही पक्का है लेकिन कनीना क्षेत्र में प्रवेश करते ही रास्ता कच्चा रह जाता है, जिससे असमानता और परेशानी और बढ़ जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण आवाजाही करते हैं।
उन्होंने कहा कि यह रास्ता पक्का होने से न केवल किसानों को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ेगा।