फोटो नंबर-25 नागरिक अस्पताल में घटना को लेकर जमा हुए लोग व पहुंची पुलिस।
नारनौल। नागरिक अस्पताल में शनिवार को प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत हो जाने पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और लोगों को शांत कराया। हालांकि देर शाम तक इस मामले में परिजनों द्वारा किसी प्रकार की लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई।
गांव मुंडया खेड़ा निवासी सपना को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे शनिवार सुबह नागरिक अस्पताल लेकर आए थे। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सामान्य प्रसव संभव नहीं है, इसलिए ऑपरेशन के माध्यम से ही प्रसव कराया जाएगा।
दोपहर बाद करीब तीन बजे महिला का ऑपरेशन किया गया, जिसमें सपना ने जुड़वां बच्चों एक लड़का और एक लड़की को जन्म दिया। ऑपरेशन के तुरंत बाद दोनों बच्चे स्वस्थ बताए गए और उनकी सांसें चल रही थीं।
परिजनों का कहना है कि कुछ देर बाद ही नवजात लड़के की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। शोर सुनकर वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों को लिखित शिकायत देने की सलाह दी। बताया जाता है कि पीड़ित पक्ष शिकायत दर्ज कराने थाने की ओर जा रहा था, तभी किसी व्यक्ति ने उसे रोक लिया, जिसके बाद उसने अभी तक शिकायत नहीं दी।
वर्जन:
मृतक बच्चें का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जो आएगा, उसके बाद ही पता चल पाएगा। अगर कोई शिकायत देता है व किसी की लापरवाही सामने आती है तो उस बारे में भी जांच की जाएगी।-डॉ. अशोक कुमार, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल नारनौल।