फोटा नंबर-12शहर के बाजार में एक दुकान पर सजे मिट्टी के बर्तन व अन्य सामान। संवाद
- फोटो : संवाद
नारनौल। इन दिनों शहर में मिट्टी के बर्तनों की दुकानों पर खूब रौनक देखने को मिल रही है। महावीर मार्ग, नलापुर, पुरानी सराय और पुल बाजार क्षेत्र में करीब 20 दुकानें सजी हैं, जहां विभिन्न प्रकार के मिट्टी के बर्तन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सर्दियों के मौसम में इन बर्तनों की बिक्री लगातार बढ़ रही है।
दुकानदार हरनारायण, पवन और रोहताश ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में लोगों का रुझान एक बार फिर मिट्टी के बर्तनों की ओर बढ़ा है। विशेष रूप से मिट्टी के तवे की मांग काफी बढ़ गई है क्योंकि सर्दियों में लोग बाजरे की रोटी मिट्टी के तवे पर बनाना अधिक पसंद करते हैं। उन्होंने बताया कि मिट्टी के तवे से बनी रोटी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर मानी जाती है।
बाजार में मिट्टी के तवे 70 रुपये, कढ़ाई 350 रुपये, कटोरादान 250 रुपये, कुकर 850 रुपये, चूल्हा 250 रुपये और सर्दियों में उपयोग होने वाली अंगीठी 150 रुपये में उपलब्ध हैं।
दुकानदारों के अनुसार मिट्टी के बर्तन शरीर की पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में सहायक होते हैं और इनके उपयोग से कब्ज व गैस की समस्या कम होती है। दुकानदारों का कहना है कि समय के साथ लोगों की जीवनशैली में बदलाव आया और स्टील, एल्युमिनियम व नॉन-स्टिक बर्तनों का उपयोग बढ़ गया लेकिन स्वास्थ्य की दृष्टि से मिट्टी के बर्तन आज भी सर्वोत्तम माने जाते हैं।
एक बार फिर लोग पारंपरिक और प्राकृतिक बर्तनों के उपयोग की ओर लौट रहे हैं जिससे बाजारों में इनकी बिक्री में अच्छा खासा इजाफा देखने को मिल रहा है।