बीकानेर मिष्ठान भंडार में बदमाशों द्वारा की गई तोड़फोड़।
- फोटो : Narnol
मंडी अटेली। अटेली के पुराना बस स्टैंड के समीप बीकानेर मिष्ठान भंडार संचालक से रंगदारी मांगने आए युवकों ने रंगदारी नहीं देने पर दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। वहीं पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस सूचना के आधार पर कार्रवाई में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे के पुराना बस स्टैंड के समीप बीकानेर मिष्ठान भंडार के सेल्समैन धर्मपाल ने पुलिस में दी शिकायत में कहा कि बुधवार रात करीब 10 बजे दुकान को बंद कर रहे थे कि एक सफेद गाड़ी में 8 से 10 युवक उतरे। उनके पास लाठी-डंडा व पिस्तौल था। आरोपी युवकों ने दुकान में घुसते ही 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। मिष्ठान भंडार संचालक ने मना किया तो आरोपियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। इससे दुकान के सभी शीशे टूट गए।
वहीं युवक जाते-जाते काउंटर से 12 हजार रुपये की नकदी निकाल कर ले गए। शिकायतकर्ता ने उन युवकों में से दो की पहचान प्रदीप जुराट व सन्नी धनौंदा के रूप में की है। पुलिस ने सूचना के आधार पर घटनास्थल का अवलोकन किया तथा कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है क्योंकि दिन के समय एक युवक का अपहरण करके उसके साथ मारपीट की घटना लोगों की जुबान से दूर भी नहीं हुई थी की सुबह होते ही एक नई अपराध की घटना जनता के सामने आ गई। क्षेत्रवासियों ने सरकार से अपराधियों पर शिकंजा कसने की मांग की है।