दैनिक रेल यात्री संघ अटेली के आह्वान पर रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस गाड़ियों के ठहराव को लेकर शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना अब आमरण अनशन में तब्दील हो गया है। धरने को शनिवार को व्यापार मंडल ने भी समर्थन दिया। व्यापार मंडल के प्रधान रतन गर्ग, राकेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद अनिल गुप्ता सहित अनेक व्यापारी धरने पर बैठे लोगों को अपना समर्थन पत्र सौंपा।
धरने में काफी संख्या में शनिवार को सरपंच, नंबरदार व आमजन पहुंचे। डीआरयूसीसी सदस्य अमरजीत दूसरे दिन अपने साथियों सहित सुबह से ही क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में लोग स्टेशन पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। धरना को देखते हुए रेलवे पुलिस स्टेशन पर डेरा डाले रही। संरक्षक राजपाल यादव, प्रधान महीपाल, सचिव धर्मेन्द्र, बिहाली से अमर सिंह, खोड़ के सरपंच राकेश, नांगल से धर्मेन्द्र, नीरपुर सरपंच राहुल, अटेली सरपंच हरदूल, आदि सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरूषों ने धरना में पहुंच कर अपनी आवाज बुलंद की।
पुलिस बल की मौजूदगी में किया प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जताई तथा नारे लगाते हुए स्टेशन पर प्रदर्शन किया।
-मांगों को किया जा रहा अनसुना
दैनिक रेल यात्रा संघ के प्रधान महीपाल ने कहा कि स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर पिछली चार साल से लगातार मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी मांगो को अनसुना किया जा रहा है। इस बार जब तक उनकी मांगे स्वीकार नहीं की जाएंगी धरने पर ही बैठे रहेंगे। अगर रेल प्रशासन फिर भी नहीं जगा तो पटरी पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर यात्रियों के लिए बैठने के लिए टीनशेड की भी व्यवस्था नहीं है।
-सबसे सुगम लाइन है यह
उन्होंने कहा कि अटेली क्षेत्र सैनिक बहुल्य है तथा दिल्ली से मुंबई, जयपुर, अजमेर, जोधपुर, अहमदाबाद को जाने का सबसे सुगम व कम दूरी की सीधी रेलवे सेवा की लाईन है। व्यापारिक केन्द्र, अनाज मंडी, विधान सभा इकाई, राजस्थान के अनेक गांवों से सैकड़ों की संख्या में प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को रेल सुविधा न मिलने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।