69 केेंद्रों पर 7, 8 और 9 को होंगी पटवारी, नहर पटवारी और ग्राम सचिव की परीक्षाएं
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग लेगा परीक्षाएं, 69 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
प्रतिदिन 38 हजार के करीब परीक्षार्थियों के पहुंचने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से जिले में 7, 8 और 9 जनवरी को पटवारी, नहर पटवारी व ग्राम सचिव पद की लिखित परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। जिले में करवाई जाने वाली परीक्षा के लिए चयन आयोग द्वारा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 7 जनवरी को पटवारी, 8 जनवरी को नहर पटवारी तथा 9 जनवरी को ग्राम सचिव की परीक्षा आयोजित की जाएगी। उक्त सभी परीक्षा सुबह व शाम की पालियों में होगी। इसके लिए जिले में कुल 69 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से नारनौल में 31 तथा महेंद्रगढ़ में 38 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। एक पाली की परीक्षा में 19 हजार के करीब परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस प्रकार तीन दिन की परीक्षा के दौरान एक लाख से अधिक परीक्षार्थी पहुंचेंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
बता दें कि भूमि रिकार्ड विभाग, सिंचाई एवं नहर विभाग तथा पंचायत विभाग में पटवारी, नहर पटवारी व ग्राम सचिव के पदों पर भर्तियां की जानी हैं। उक्त भर्ती की परीक्षा के लिए दिसंबर में तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन अन्य परीक्षाएं होने के कारण परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया है। अब उक्त पदों की परीक्षा 7, 8 व 9 जनवरी को करवाई जाएगी। इसके लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। वहीं जिला प्रशासन को पत्र जारी कर उक्त परीक्षा की तैयारियां शुरू करने के आदेश दिए है।
जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्र
नारनौल- ओएशिश इंटरनेशनल स्कूल कुलताजपुर रोड नारनौल, यूरेका पब्लिक स्कूल नजदीक कड़ियावाला मंदिर बहरोड रोड नारनौल, गुरु द्रोणाचार्य स्कूल ढाणी किरारोद, सीएल स्कूल हुडा सेक्टर नारनौल, एमएलएस डीएवी स्कूल कुलताजपुर रोड नारनौल, हरियाणा पब्लिक स्कूल नांगल चौधरी रोड नारनौल, यदुवंशी स्कूल रेवाड़ी रोड पटीकरा, आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेवाड़ी रोड नारनौल, बीपीएस स्कूल कुलताजपुर रोड नारनौल, सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेवाड़ी रोड नारनौल, रामा कृष्णा कॉलेज सिंघाना रोड गहली, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल, राजकीय महिला कॉलेज बहरोड रोड नारनौल, राजकीय महाविद्यालय नारनौल, राजकीय बीएड कॉलेज रेलवे रोड नारनौल, राजकीय कन्या विद्यालय नारनौल व बीकेएन राजकीय पॉलीटेक्निकल कॉलेज नारनौल में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
महेंद्रगढ़ - हैप्पी एवरग्रीन स्कूल डुलाना रोड महेंद्रगढ़, सूरज सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुचौली रोड महेंद्रगढ़ रोड, शरबती सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोशाला रोड महेंद्रगढ़, टेगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोशाला रोड महेंद्रगढ़, कपिल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़, भारतीय डिग्री कॉलेज चामहेड़ा रोड महेंद्रगढ़, मॉर्डन सीनियर सेकेंडरी स्कूूल चामहेड़ा रोड महेंद्रगढ़, राव जयराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुंदेबाज नगर महेंद्रगढ़, श्रीकृष्णा सीनियर सेकेंडरी स्कूल नजदीक राव तुलाराम चौक महेंद्रगढ़, आरपीएस स्कूल सतनाली रोड महेंद्रगढ़, संस्कार भारती महिला डिग्री कॉलेज पाली महेंद्रगढ़, गुरु बीएड कॉलेज खायरा, आरपीएस इंजीनियर कॉलेज सतनाली रोड बलाना, राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ तथा राजकीय महिला कॉलेज महेंद्रगढ़ में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए है।
सुबह और शाम की पालियों में होगी परीक्षा
तीन दिन आयोजित की जाने वाली परीक्षाएं सुबह व शाम की पारियों में होगी। पहली पारी में सुबह 10.30 बजे से 12 बजे तक परीक्षा होगी। वहीं दूसरी पारी में दोपहर बाद 3 से 4.30 बजे तक परीक्षा करवाई जाएगी। दोनों पालियों की परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को परीक्षा से 2 घंटे पूर्व केंद्र पर रिपोर्टिंग करनी होगी। सुबह 8.30 बजे तथा दोपहर 1 बजे अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर पहुंचा होगा। सुबह 9.30 बजे तथा दोपहर 2 बजे के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय पर ही पहुंचना होगा।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर की होगी व्यवस्था
परीक्षा को शांतिपूर्वक करवाने के लिए आयोग ने प्रशासन को सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाने के आदेश दिए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी को रोका व पकड़ा जा सके। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं।