विधायक सीताराम यादव को कैंटीन खोलने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए।
- फोटो : Narnol
मंडी अटेली। अटेली में सीएसडी कैंटीन खुलवाने की मांग को लेकर भूतपूर्व सैनिकों ने शनिवार को अटेली विधायक सीताराम यादव को एक ज्ञापन सौंपा। पूर्व सैनिक कमांडो नरपत सिंह के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में सूबेदार मेजर किरोड़ीमल, सूबेदार मेजर राजेंद्र यादव, मेजर निहाल सिंह, रामौतार यादव, मंजीत यादव, तेजप्रकाश चंदपुरा, रवींद्र चेयरमैन, सवितराज यादव व रोहित यादव ने बताया कि क्षेत्र के लगभग 20 किलोमीटर दायरे में कोई कैंटीन नहीं है। इससे भूतपूर्व सैनिकों को परेशानी का सामान करना पड़ रहा है।
भूत पूर्व सैनिक जिन्होंने अपना अधिकतर समय देश की रक्षा में लगाया है। उनको सामान लाने के लिए कई घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, क्योंकि नारनौल कैंटीन में गांवों की संख्या इतनी अधिक है कि लोगों को कई बार बिना सामान लिए घर वापिस आना पड़ता है। अटेली क्षेत्र में लगभग 2 हजार पूर्व सैनिक है। इसके अलावा राजस्थान का बहुत बड़ा क्षेत्र लगता है। इसमें हजारों पूर्व सैनिक है। इन सभी को नारनौल पहुंच कर सामान लाना पड़ता है। जहां भारी भीड़ रहती है। अटेली में सीएसडी कैंटीन खोलने की मांग पिछले कई सालों से की जा रही है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिससे सैनिकों में नाराजगी भी है। अटेली क्षेत्र में वीर चक्र विजेता धंसीराम व अन्य वीर शहीदों का क्षेत्र है। भूत पूर्व सैनिकों ने क्षेत्र में अविलंब कैंटीन खोलने की मांग की है।