फोटो 79 आईटीआई में दाखिला लेने पहुंचे आवेदक। संस्थान
महेंद्रगढ़। शहर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान इस बार भी तकनीकी ट्रेडों में युवाओं का रुझान साफ दिखाई दे रहा है। उपलब्ध सीटों के मुकाबले सबसे अधिक प्रवेश इलेक्ट्रीशियन (एनसीवीटी) ट्रेड में हुए हैं जबकि वुड वर्क टेक्नीशियन (एनसीवीटी) में अभी तक एक भी विद्यार्थी ने प्रवेश नहीं लिया है।
संस्थान के 24 ट्रेडों में कुल 612 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें से 279 सीटों पर प्रवेश हो चुका है जबकि 333 सीटें अभी भी रिक्त हैं। एनसीवीटी के 500 सीटों में 248 और एससीवीटी के 112 सीटों में 31 सीटें भरी हैं। सबसे अधिक 40 में से 32 सीटें इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में भर चुकी हैं और केवल 8 सीटें शेष हैं।
इसके अलावा वेल्डर में 20, मशीनिस्ट में 19, स्टेनोग्राफर हिंदी (एनसीवीटी) में 18, मैकेनिक ट्रैक्टर में 17 व कोपा (एससीवीटी) में 14 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग तथा मैकेनिक मोटर व्हीकल ट्रेड में भी 13-13 सीटें भर चुकी हैं जबकि फीटर (एनसीवीटी) और वायरमैन में 12-12 सीटों पर दाखिले हुए हैं।
दूसरी ओर कुछ ट्रेडों में युवाओं की रुचि काफी कम देखने को मिली। वुड वर्क टेक्नीशियन में अब तक एक भी प्रवेश नहीं हुआ है और सभी 24 सीटें खाली हैं। इसी प्रकार टर्नर (एससीवीटी) में केवल एक, स्टेनोग्राफर हिंदी (एससीवीटी) में दो तथा प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर में मात्र तीन विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। फीटर (एससीवीटी) में चार तथा बाउंड्रीमैन और स्वींग टेक्नोलॉजी में पांच-पांच प्रवेश हुए हैं।
वर्जन:
संस्थान में अब तक 279 सीटों पर आवेदकों ने प्रवेश लिया है। अब संस्थान में 333 युवाओं ने दाखिला लिया है। तकनीकी ट्रेड मेें युवाओं का अधिक रुझान है और इसके चलते इन ट्रेडों की सीटें जल्द भर गई। अब 3 अगस्त को रिक्त सीटों की सूची की जाएगी और दाखिला से वंचित दोनों सूची के आवेदकों को दाखिले का अंतिम मौका दिया जाएगा। -विनोद कुमार, दाखिला नोडल अधिकारी, आईटीआई