महेंद्रगढ़। शहर में सफाई कर्मचारियों की लगातार चल रही हड़ताल से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। मुख्य बाजारों और मोहल्लों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। पिछले एक माह से छोटे ढेर अब बड़े ढेरों में बदल गए हैं। नगरपालिका प्रशासन ने कचरा उठाने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है।
डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन एजेंसी भी केवल डंपिंग प्वाइंटों से कचरा उठा रही है। इससे दुकानों और घरों के बाहर गंदगी जमा हो रही है। शहर में रोज करीब 45 टन कचरा इकट्ठा हो रहा है। मुख्य बाजारों में कचरे और बदबू के कारण दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है।
कई डंपिंग प्वाइंटों से उठाया गया कचरा भी समय पर नहीं हट रहा। दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कर सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
...........
शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। सफाई कर्मचारी पता नहीं काम पर कब लौटेंगे। तब तक शहर के मुख्य बाजारों व मोहल्लों में गंदगी के ढेर लगते जाएंगे। ऐसे में आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है। अब घरों में भी मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है।
-प्रदीप सैनी, मोहल्ला सैनीपुरा
...............
सड़कों पर गंदगी फैली हुई है। सुबह से शाम तक गंदगी उड़कर दुकानों में आती रहती है। दिनभर सफाई करते रहते हैं। इससे दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ती है और मच्छरों से बचाव के लिए स्वयं कार्य करना पड़ रहा है। नगरपालिका के अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था कर सफाई करवानी चाहिए।
-नरेंद्र सैनी, 11 हट्टा बाजार
वर्जन:
नगरपालिका की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था के जरिये सफाई कार्य जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों से डोर-टू-डोर एजेंसी के कर्मचारियों को बाजारों व वार्डों में अतिरिक्त जिम्मेदारी देने पर विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि शहर में कचरे का उठान नियमित रूप से हो सके।-रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:53- मोहल्ला महायचान में लगा गंदगी का ढेर--संवाद
फोटो संख्या:53- मोहल्ला महायचान में लगा गंदगी का ढेर--संवाद