अवैध कालोनी में डीपीसी तोड़ती जेसीबी मशीन।
- फोटो : Narnol
नारनौल। जिला नगर योजनाकार की टीम ने वीरवार को शहरी क्षेत्र के नजदीक वाटर सप्लाई निजामपुर रोड के पास लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की। राजस्व संपदा नारनौल में कुछ लोगों द्वारा लगभग 3 एकड़ जमीन पर बिना लाइसेंस लिए अवैध कॉलोनी बनाई जा रही थी। जिसमें नेटवर्क रोड भी बिछाए जा रहे थे। जिसेे जिला प्रशासन की मदद से तोड़ा गया। कार्रवाई में 25 चहारदीवारी/ डीपीसी के साथ सभी नेटवर्क रोड भी उखाड़े गए। यह कार्रवाई डीटीपी प्रवीण कुमार की अगुवाई व पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
जिला नगर योजनाकार ने लोगों से अपील की है कि नियंत्रित क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करें तथा महानिदेशक नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग हरियाणा से लाइसेंस अनुमति लेने के उपरांत ही कृृषि भूमि को रिहायशी अथवा वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवर्तित करें। अन्यथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आमजन से बार-बार अपील की जाती है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट न खरीदें और न ही निर्माण करें।