फोटो संख्या:-78 डायल 112 की टीम द्वारा पकड़ा गया चालक---संवाद
महेंद्रगढ़। नशे में धुत एक पिकअप चालक ने महेंद्रगढ़-सेहलंग रोड पर जमकर अफरा-तफरी मचाई। पिकअप चालक ने पहले महेंद्रगढ़ से गांव बवाना की ओर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी सड़क से उतरकर टाइल फैक्टरी में जा घुसी। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे चल रहे दो बाइक सवार की जान बाल-बाल बची।
वहीं ट्रैक्टर चालक ने भी खेत की ओर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद जब पुलिस आरोपी को डायल 112 की गाड़ी में बैठाकर घटनास्थल पर जांच कर रही थी तभी वह पुलिस को चकमा देकर गाड़ी से भाग गया। आरोपी के भागते ही पुलिस ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की गई।
वहीं करीब दस मिनट की तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को दोबारा पकड़ लिया। पुलिस आरोपी चालक को शहर थाना महेंद्रगढ़ लेकर पहुंची लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई।
पुलिस पूछताछ में पिकअप चालक ने बताया कि पिकअप का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। इस हादसे में किसी को भी कोई चोट नहीं आई व पुलिस को भी कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई। पुलिस ने पिकअप चालक को चेतावनी देकर छोड़ दिया।