क्षेत्र के दर्जनों गांवों को महेंद्रगढ़ डिस्ट्रीब्यूटरी के नवीनीकरण का फायदा हुआ है। नवीनीकरण के कारण जहां नहरों की क्षमता बढ़ी है वहीं टेल तक भी पानी पहुंच पाया है। पानी की समस्या से जूझ रहे अनेक गांवों के तालाबों में जोहड़ों में नहर का पानी पहुंचा है जिस पर ग्रामीणों ने कांग्रेस विधायक राव दानसिंह का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीण राजेंद्र प्रधान नांगल सिरोही, महावीर प्रधान, प्रवीण बैरावास, पवन, राजेंद्र पूर्व सरपंच, प्रदीप, धर्मा, बाबूलाल, राजू ठेकेदार, सुनील, सुधीर, रिंकू ने कहा है कि क्षेत्र के गांवों के लोगों ने विधायक राव दानसिंह को ज्ञापन सौंपकर इन गांवों में पानी की समस्या के समाधान की मांग की थी।
विधायक द्वारा इस मामले को लेकर जहां अधिकारियों से बातचीत कर समाधान के निर्देश दिए थे। चंडीगढ़ में बैठे आला अधिकारियों से भी मिलकर इस क्षेत्र में पानी की समस्या से अवगत करवाया था। महेंद्रगढ़ डिस्ट्रीब्यूटरी की क्षमता 114 क्यूसिक से बढ़ाकर 174 क्यूसिक की गई है जिसके कारण महेंद्रगढ़ डिस्ट्रीब्यूटरी के अंतर्गत आने वाले गांव कुरहावटा, छाजियावास, निंबी, जांजडीयावास, जोनावास, नांगल सिरोही, गडानिया, खेड़की, पाल, निहालावास, बैरावास, दुलोठ अहीर, कुकसी आदि गांवों को फायदा हुआ है। नवीनीकरण के तहत मैकनिक्ल मंडल ने भी पुरानी मोटर, अन्य सिस्टम का नवीनीकरण किया है।