महेंद्रगढ़। ओजस स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वावधान और जिला एथलेटिक संघ के सहयोग से छह सितंबर को खेल स्टेडियम, महेंद्रगढ़ में सीनियर जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता सुबह नौ बजे शुरू होगी। यह आयोजन हरियाणा एथलेटिक्स एसोसिएशन और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले होगा।
जिला एथलेटिक संघ के सचिव प्रदीप यादव और एथलेटिक्स कोच सूरत गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के सीनियर वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण जरूरी है।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, 10वीं कक्षा की मार्कशीट और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी। सुबह नौ बजे तक स्टेडियम पहुंचकर पंजीकरण करवाना होगा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रतियोगिता के बाद 19 और 20 सितंबर को नरवाना के नवदीप स्टेडियम में सीनियर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित होगी। जिला प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है। आयोजकों ने जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। संवाद