वरिष्ठ नागरिक संगठन की मासिक बैठक रविवार को किला रोड स्थित साध्वी मिश्री देवी आश्रम में हुई। जिसकी अध्यक्षता संगठन के प्रधान दुलीचंद शर्मा ने की। बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर महावीर चौक से पानी की टंकी तक जमे कीचड़ से आम आदमी को छुटकारा दिलाने की मांग की गई। क्योंकि कीचड़ होने की वजह से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसके अलावा लोगों द्वारा रात के समय सड़क तोड़कर पानी अथवा सीवर का कनेक्शन किया जाता है। तोड़ी गई सड़कों की कभी मरम्मत नहीं होती। इसलिए सड़कों की मरम्मत करवाई जाए। सड़कों को तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
संगठन द्वारा पार्कों की व्यवस्था व शहर की विभिन्न सड़कों आदि के कार्यों के लिए नगरपालिका व प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने कारण प्रस्ताव पास कर इन समस्याओं के लिए मुख्यमंत्री सेल में शिकायत करने का फैसला लिया। इसके साथ-साथ बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 90 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को सम्मानित किया जाए। इसके लिए वरिष्ठ नागरिक 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र किला रोड स्थित कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। 9 जनवरी 2022 को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
बैठक का संचालन महामंत्री मुखराम सैनी द्वारा किया गया। बैठक में बीएल सैनी, सोहनलाल, भागीरथ, अमीलाल, मालाराम, राजेंद्र शर्मा, रामनिवास, जयदयाल, गणपत, अशोक, ओपी मान, हरीराम गुप्ता, हरद्वारी लाल, बेगराज, यादराम नंबरदार, शंकर लाल, गणेश, अमीलाल आदि उपस्थित रहे।