गांव बवाना में हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई बवाना निवासी सुधीर ने बताया कि उसका भाई शुक्रमपाल शुक्रवार शाम के समय बाइक पर सवार होकर डेयरी से दूध लेने गया था। जब वह दूध लेकर लौट रहा था तो ताराचंद के खेत पास पहुंचने पर महेंद्रगढ़ से सेहलंग की ओर जा रही गाड़ी के चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के भाई सुधीर के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रमपाल नहर विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। शुक्रमपाल की दो बेटियां और एक बेटा है।