नारनौल। बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने शुक्रवार को पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक में जनसुनवाई की। इस मौके पर पहले से ही निर्धारित 16 मामले सुनवाई के लिए रखे गए, जिनमें से 11 मामले निपटाए गए। कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव ने बिजली मंत्री को मिठाई खिलाकर उनके जन्मदिन की बधाई दी।
इस बैठक में उपायुक्त मोनिका गुप्ता, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, एडीसी वैशाली सिंह, जिला परिषद के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, बीजेपी के जिला प्रधान दयाराम यादव, जजपा के जिला प्रधान डॉ. मनीष शर्मा तथा मनीष मित्तल के अलावा समिति के सदस्य मौजूद थे।
बस दुर्घटना में छात्रा की मौत होने पर मंत्री की सहायता :
साहब, मेरी बेटी की बस के नीचे आने से मौत हो गई थी। लेकिन चालक के खिलाफ ही मामला दर्ज किया गया, परिचालक के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया है। इतना कहते ही सेहलंग निवासी राजपाल की आंखों से आंसू बहने लग गया। इसके बाद मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि इसकी एसपी से जांच करवा दी जाएगी। बिजली मंत्री ने कहा कि पीड़िता के परिवार को पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता अगले वित्त वर्ष में दे दी जाएगी। इसमें 2.5 लाख रुपए वह देंगे और 2.5 लाख रुपए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अपने कोटे से देंगे। राजपाल की पोती पायल की कुछ माह पहले बस में उतरते समय बस के टायर के नीचे आने से मौत हो गई थी। इस मामले में चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। मंत्री ने रोडवेज जीएम को निर्देश दिए कि वहां पर बस स्टॉप बनाया जाए।
लोहे के पोल बदलने में देरी करने पर तत्कालीन एसडीओ को किया चार्जशीट:
गांव भालखी निवासी कुरड़ा राम की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बिजली मंत्री ने निर्देश दिए कि 3 नवंबर 2022 को प्रार्थी ने लोहे के पोल बदलने के लिए आवेदन दिया था। इस पर तत्कालीन एसडीओ ने एक साल तक कोई भी कार्रवाई नहीं की। ऐसे में उन्हें तुरंत प्रभाव से चार्जशीट किया जाए।
पाइपलाइन डालने के बाद नहीं लगाई टाइल, लगाने के दिए आदेश:
गांव राजावास व राठीवास का सरपंच मोहित पाइपलाइन की शिकायत लेकर जन परिवेदना समिति की बैठक में पहुंचा। सरपंच का कहना था कि गांव में पाइपलाइन डालते समय टाइल तोड़ी गई थी, वह दोबारा नहीं लगाई गई। जिसके बाद मंत्री ने एडीसी की अध्यक्षता में जन परिवेदना समिति के दो मेंबर को लेकर जांच करने के निर्देश दिए है।
पीडब्ल्यूडी ने किसान की जमीन में बना दी सड़क, मंत्री के पास पहुंचा किसान :
गांव देवास के सतवीर की शिकायत पर बिजली मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि आवेदक को उसकी जमीन पर सड़क बनाने के बदले दूसरी जमीन देने का केस तैयार किया जाए। दरअसल देवास से चितलांग जाने वाली सड़क सतवीर की जमीन से निकाल दी गई, जबकि इसके साथ लगती जमीन पर सड़क बनाई जानी थी। यह सड़क 1982 में बनी थी, क्योंकि यह मामला बहुत पुराना है। ऐसे में उस वक्त उसके साथ लगती छोड़ी गई जमीन प्रार्थी को देने के लिए केस बनाने के निर्देश दिए गए।
भैंस की मौत होने पर बीमा कंपनी ने नहीं दिया क्लेम, मंत्री ने देने के दिए निर्देश :
बापड़ोली के राजकुमार की शिकायत पर उन्होंने बीमा कंपनी को निर्देश दिए कि उनकी भैंस की मौत होने पर शेष बचे 40 हजार रुपए तुरंत प्रभाव से अदा किए जाएं। बीमा कंपनी ने किसान को 20 हजार रुपये देने के बाद बीमा देने के लिए मना कर दिया था। जिसके बाद मंत्री ने बचे हुए 40 हजार रुपये देने के आदेश दिए।