हरियाणा के नारनौल के गांव सुराना में मां द्वारा अपने दो वर्षीय बच्चे को मारकर नहर में फेंकने के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को एक दिन के रिमांड के बाद शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस ने बच्चे की तलाश करते हुए उसके हाथ-पैर भी नहर से बरामद कर लिए है। जिन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है।
गांव सुराना में छह फरवरी को दो वर्षीय प्रीत अचानक घर से गायब होने की शिकायत पुलिस को मिली थी। इसके बाद से पुलिस लगातार बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी। मगर बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने बच्चे के दादा दयाराम की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए शक के आधार पर परिवार के कुछ लोगों से पूछताछ शुरू की। इसमें पुलिस ने बच्चे की मां दीपेश से भी पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर दीपेश ने बच्चे का गला दबाकर मारने के बाद नहर में फेंकने की बात कबूली।
गुरुवार को पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया। पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने बताया कि उसने बच्चे को मारकर नहर में फेंक दिया था। मगर काफी तलाश के बाद भी पुलिस को बच्चे के शरीर के कुछ हिस्से व कपड़े मिल पाए। शुक्रवार को पुलिस ने बच्चे हाथ व पैर भी नहर से बरामद कर लिए गए।
बाकी टुकड़े मिलना भी बाकी
पुलिस को तलाशी के दौरान अब तक बच्चे की छाती के दो टुकड़े के अलावा हाथ व पैर बरामद हो गए हैं, लेकिन शरीर का बाकी हिस्सा बरामद नहीं हो सका है। बाकी शरीर के टुकड़ों को बरामद करना पुलिस के लिए चुनौती होगा, क्योंकि मोटर में शरीर के कई टुकड़े होकर आगे बह सकते हैं।
वर्जन
आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा
जांच के दौरान बच्चे के कटे हुए हाथ-पैर बरामद किए हैं। उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। महिला को रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
-भूपेंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी