गांव पाली नहर के पास वीरवार को ट्राले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर जा रहे दो सगे भाइयों की मौत हो गई। ट्राले की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक भाई की मौत मौके पर ही हो गई जबकि दूसरे भाई ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सड़क हादस होने पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया जिसके कारण लगभग एक घंटा यातायात प्रभावित रहा। देर शाम पुलिस ने ट्राले को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद डेढ़ घंटे तक ट्राला चालक वहीं पर खड़ा रहा लेकिन मौका पाकर वह फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्राले का नंबर भी नहीं देख पाई। मिली जानकारी के अनुसार गांव खुडाना निवासी जगदीश पुत्र मातुराम (55) एवं रतीराम पुत्र मातुराम (62) दोनों भाई महेंद्रगढ़ जा रहे थे। रतीराम ने महेंद्रगढ़ में मकान निर्माण कार्य शुरू करवाया हुआ था। मकान के काम से ही वो महेंद्रगढ़ आ रहे थे। गांव पाली की नहर के पास पीछे से आ रहे ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे जगदीश की मौके पर मौत हो गई और रतीराम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल महेंद्रगढ़ लाया गया जहां पर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी कैलाशचंद ने बताया कि देर शाम को सिशोठ बणी के पास से सीमेंट से भरे ट्राले को जब्त कर लिया है। ट्राला चालक ट्राले को छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आर्मी से रिटायर्ड थे दोनों भाई
सड़क हादसे में मरने वाले जगदीश एवं रतीराम दोनों ही आर्मी से रिटायर्ड थे। वर्तमान में वे घर पर ही रहते थे। जगदीश के तीन बेटे एवं एक बेटी हैं और सभी की शादी की गई हुई हैं। रतीराम के तीन बेटी एवं एक बेटा है जिनकी शादी की हुई है।