गांव खुडाना में पुरानी रंजिश में शनिवार को युवक पर फायर करने वाले आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने उससे 2 देसी कट्टे, 1 पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस पिस्टल के और 4 जिंदा कारतूस देशी कट्टे के बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि गांव खुडाना के युवक समरजीत उर्फ मोटा ने गांव के ही अजित सिंह पर पुरानी रंजिश में फायर कर दिया था। अजित सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि पुरानी रंजिश में शनिवार को निवर्तमान सरपंच के बेटे समरजीत उर्फ मोटा ने उस समय फायरिंग कर दी जब वो अपने साले राकेश के साथ गाड़ी में आकोदा जा रहे थे। वे लोग अभी खुडाना गांव की पुलिया के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रहे समरजीत ने उनकी गाड़ी के सामने बाइक लगा दी और गाली-गलौज करने लगा।
वह गाड़ी से उतरकर उससे बात करने पहुंचा तो समरजीत ने काले रंग के बैग से देसी कट्टा निकाल उस पर फायर कर दिया। गोली उसके कान के पास निकल गई और वह हमले में बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया। वहीं सदर थाना एसएचओ की टीम ने दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया जहां उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया।