अटेली पुलिस ने शुक्रवार रात को बजाड़ नाका के समीप भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। यह शराब ट्रक में आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर गुजरात ले जाई जा रही थी। अटेली थाने के एसएचओ हवासिंह ने बताया कि वे दलबल सहित रात्रि गश्त पर थे।
उसी दौरान उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लादकर नारनौल से कुंड की तरफ ले जाई जा रही है। संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि ट्रक चालक रास्ता भटक गया है। मुखबिर ने पुलिस की सहूलियत के लिए ट्रक का नंबर भी बताया। सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही उक्त ट्रक उधर से गुजरने लगा। इसी दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को घेर लिया।
मौके पर पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी लेने पर पुलिस को ट्रक में आलू की बोरियों के नीचे रखी अंग्रेजी शराब की करीब 377 पेटियां मिली।