गांव बवानिया में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे पिता ने अपने दामाद पर बेटी का गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पिता के बयान पर मृतका के पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार रात को चटनी बनाने से मना करने पर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका के पिता जगत सिंह निवासी फर्रुखनगर जिला गुड़गांव ने बताया कि उसकी बेटी सुशीला की शादी 2003 में बवानिया निवासी बलवंत के साथ हुई थी। बलवंत शराब आदि का नशा करता है और काफी समय से वह कुछ काम नहीं कर रहा था। सोमवार की रात को मेरे पास बेटी के ससुराल बवानिया से फोन आया कि उसकी बेटी सुशीला गंभीर बीमार है। मैं और मेरा बेटा प्रीतम दोनों ही सुबह लगभग 5 बजे बवानिया पहुंच गए। बेटी के घर जाकर देखा तो वह चारपाई पर मृत पड़ी हुई थी और उसको कपड़े से ढका हुआ था। कपड़ा हटाकर देखा तो उसके गले पर निशान थे। हमने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पिता की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कि और शव को सिविल अस्पताल में महेंद्रगढ़ पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव को वहां मौजूद ससुराल एवं मायके वालों को सौंप दिया। शव का अंतिम संस्कार गांव बवानिया में किया गया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के दो बच्चे हैं। 13 वर्षीय लड़के का नाम विकास है जबकि आठ वर्षीय लड़की का नाम तनुजा है।
पहले भी करता था मारपीट
जगत सिंह ने बताया कि बलवंत अपने छोटे भाई की शादी मेरी छोटी बेटी से करवाना चाहता था। इसके लिए वह अपनी पत्नी सुशीला पर दबाव बनाता था। आरोपी हमें पहले ही कह चुका था कि अगर उसके भाई की शादी उसकी छोटी बेटी से नहीं होगी तो अंजाम बुरा होगा। इस बात को लेकर वह पहले भी शराब पीकर उसकी बेटी के साथ मारपीट कर चुका है। सोमवार की रात को उसने गला दबाकर मेरी बेटी की हत्या कर दी।
रात को हुआ था झगड़ा
गांव वालों ने बताया कि मृतका एवं उसका पति बलवंत घर पर सोते थे जबकि सास और दोनों बच्चे प्लॉट में सोते हैं। सोमवार रात आरोपी बलवंत शराब पीकर आया था। सुशीला खाना बनाकर अपने बच्चों को खिलाने के बाद सोने की तैयारी में थी कि बलवंत ने उससे चटनी बनाने को कहा। पत्नी के इनकार करने पर बलवंत का उससे झगड़ा हुआ था।
मृतका के पिता जगत सिंह के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
-रणवीर सिंह, चौकी इंचार्ज