हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में पहली बार गांव बेवल में अफीम की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा डालकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही अफीम के 45 किलोग्राम पौधे भी उखाड़कर कब्जे में लिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान गांव बेवल निवासी बिरेंद्र उर्फ बाबर के रूप में हुई है।
पुलिस की ओर से की गई जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अफीम के नशे का आदि है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस बिरेंद्र उर्फ बाबर के खेत में पहुंच गई और मुआयना किया तो सरसों की फसल के बीच अफीम के अनेक पौधे दिखाई दिए, जिन पर फूल और फल लगे हुए थे।
पुलिस ने खेत मालिक बिरेंद्र उर्फ बाबर को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी नशे का आदी है और काफी वर्षों से अफीम का नशा करता है। वह अफीम का डोडा राजस्थान से लाया था और डोडा के बीज निकालकर अपने सरसों के खेत में बीज लगा दिए थे।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि व्यक्ति ने यह अफीम के पौधे सरसों की फसल की आड़ में उगा रखे थे। कनीना से 17 किलोमीटर दूर गांव बेवल निवासी बिरेंद्र उर्फ बाबर ने अपने खेत में सरसों की फसल की आड़ में अफीम की खेती की हुई थी। इसकी गुप्त सूचना थाना सदर कनीना पुलिस को दी, सूचना पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अफीम की खेती करने वाले को पकड़ लिया और अफीम के पौधे उखाड़कर जब्त कर लिए।
डीएसपी कनीना मोहम्मद जमाल और थाना सदर कनीना प्रबंधक निरीक्षक रामनाथ व दौंगडा चौकी इंचार्ज एएसआई प्रीतम की टीमों ने कार्रवाई करते हुए अफीम के पौधों को उखाड़कर उनका वजन किया जो 45 किलोग्राम था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। गुप्त सूचना के आधार पर कनीना क्षेत्र के गांव बेवल में एक आरोपी को अफीम की खेती करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। थाना प्रबंधकों, चौकी इंचार्जों को नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हुए हैं। किसी भी सूरत में जिला में नशे के कारोबार को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा।
-नितिश अग्रवाल, एसपी, महेंद्रगढ़।