शादी के साल भर बाद 5 नवंबर को गोकलपुर में एक बहू ससुराल से डेढ़ लाख रुपये के जेवरात सहित स्कूटी लेकर अपने साथी के साथ रफूचक्कर हो गई। मामले में सास की ओर से मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी साथी को उसके मोहल्ले देवनगर से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चोरी की गई स्कूटी और जेवरात को भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपी बहू की तलाश में जुटी है।
-------
पिछले साल नवंबर में हुई थी शादी
गांव गोकलपुर निवासी राजबाला ने बताया कि उसके बेटे पुनीत की शादी नवंबर 2015 में गांव टींट निवासी मनीषा के साथ हुई थी। पांच नवंबर को दिन में परिवार के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। इस दौरान मनीषा घर पर अकेली थी। महिला ने आरोप लगाया है कि मनीषा मोहल्ला देवनगर निवासी हिमांशु के साथ मिल कर सोने-चांदी के करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने व स्कूटी लेकर चली गई। परिवार ने उसकी तलाश की, परंतु कहीं भी पता नहीं लग पाया। इसके बाद सदर थाना पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी हिमांशु को देवनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात व स्कूटी बरामद कर ली है।
-------
सास की शिकायत के आधार पर उनकी पुत्रवधू और देवनगर निवासी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पुत्रवधू की तलाश की जा रही है।
एएसआई नरेंद्र कुमार, जांचकर्ता, सदर थाना