नारनौल-महेंद्रगढ़ बाईपास पर स्थित सिंघाना चौक के पास मंगलवार की सुबह पुलिस ने एक शव बरामद किया। जिसके चेहरे एवं छाती पर तेज हथियारों से वार किया हुआ था। उसके बायें हाथ पर मां-बेटे का टेटू बना हुआ था। पुलिस ने इसे ब्लाइंड मर्डर करार दिया है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसपी चंद्र मोहन तथा डीएसपी नरेंद्र सागवान ने मौका मुआयना किया तथा पुलिस कर्मचारियों को जांच के आदेश दिए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा नागरिक अस्पताल में रखवा दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नारनौल-महेंद्रगढ़ बाईपास पर स्थित सिंघाना चौक के पास राहगीरों ने शव देखा। सूचना पाकर मौके पर अपनी टीम के साथ पहुंचे शहरी थाना प्रभारी ने मुआयना किया। मृतक की छाती से लेकर चेहरे तक कई वार किए हुए थे।
उसके चेहरे को तेजधार हथियार से इतना काटा हुआ ताकि उसकी पहचान न हो सके। पुलिस का मानना है कि अज्ञात आरोपी दूसरे स्थान पर इसकी तेजधार हथियार से निर्मम हत्या की है और शव को कार में डालकर यहां फेंक कर गए हैं।
मौके पर मिली बीयर की खाली तीन बोतलें
मौके पर शव की कुछ दूरी पर बीयर की खाली तीन बोतलें मिली हैं। मौके पर पहुंचे फ्रिंगर प्रिंटस एक्सपर्ट अमित कुमार ने खाली बीयर की बोतलों से फिंगर प्रिंटस उठाए। पुलिस ने खून से सनी मिट्टी के भी सैंपल लिए हैं।
मृतक की नहीं हो पाई शिनाख्त
मृतक के बाएं हाथ पर मां बेटे का टेटू बना हुआ है जिसके नीचे मां शब्द लिखा है। उसे नीचे अंग्रेजी में मोहित/रोहित लिखा हुआ दिखाई दे रहा है लेकिन दो अक्षर मिटे होने की वजह से नाम क्लीयर नहीं हो रहा। उसने सफेद रंग की टी-शर्ट तथा काले रंग का लोवर पहना हुआ था।
सिंघाना चौक पर सुबह शव बरामद हुआ था। उसकी किसी ने तेजधार से निर्मम हत्या की है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा नागरिक अस्पताल के शव ग्रह में रखवा दिया है। पुलिस ने महाबीर चौकी इंचार्ज गोविंद के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।