तीन दिन पहले कुख्यात राजकुमार उर्फ झोटा की गिरफ्तारी के बाद सीआईए रेवाड़ी ने आरओ प्लांट संचालक से 17 जुलाई को रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं सिटी थाना पुलिस ने भी 17 अगस्त को पूर्व पार्षद के भाई से रंगदारी मांगने के मामले में झोटा के साथ रहे गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरओ प्लांट मालिक से मांगी थी रंगदारी
सीआईए पुलिस रेवाड़ी ने बुधवार रात आरओ प्लांट के मालिक से रंगदारी मांगने वाले झोटा गैंग के दो आरोपियों को सनसिटी के नजदीक शिव मंदिर के पास से गिरफ्तार किया है। सीआईए इंचार्ज सतेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी मेहरवाड़ा मोहल्ला निवासी शशिकांत उर्फ भोलू और सरस्वती विहार निवासी गौरव हैं। बताया कि राजकुमार उर्फ झोटा ने अपने उक्त साथियों के साथ गत 17 जुलाई को नई बस्ती निवासी पवन राव व शुक्रपुरा निवासी रोहित से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
रंगदारी देने से मना करने पर की थी फायरिंग
इन दोनों ने रंगदारी देने से इंकार कर दिया था। 18 जुलाई की सुबह रोहित नई बस्ती स्थित पवन के आरओ प्लांट पर आ गया था। इसी दौरान झोटा कार में अपने अन्य साथियों के साथ पहुंच गया था। राजकुमार उर्फ झोटा ने पिस्तौल निकालकर हवाई फायर कर दिया तथा साथियों के साथ भाग गया था। पुलिस ने रोहित की शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू की थी। मामले में आरोपी राजकुमार उर्फ झोटा और प्रदीप सोनी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा उक्त आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
पूर्व पार्षद के भाई से झोटा गैंग के प्रदीप सोनी ने मांगी थी रंगदारी
शहर थाना पुलिस ने पूर्व पार्षद के भाई से रंगदारी मांगने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांचकर्ता एएसआई रजनीश ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी नई आबादी निवासी प्रदीप है। 17 अगस्त को राजकुमार उर्फ झोटा उक्त आरोपी व अपने साथियों के साथ पूर्व पार्षद गोपाल कर्दम के भाई चंदन कर्दम के निवास पर गया तथा उसे दो लाख रुपये रंगदारी देने को कहा। न देने पर जान से मारने तथा घर को आग लगाने की धमकी दी। 18 अगस्त को आरोपी प्रदीप ने पूर्व पार्षद गोपाल कर्दम के पास फोन करके कहा कि तुम्हारे भाई का फोन बंद है। बताई गई रकम पहुंचा दो वरना हमने जो कहा था वह करके दिखा देंगे। पुलिस ने गोपाल कर्दम की शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद कर लिया है।