नकली दूध बनाने की फैक्ट्री चलाने वाले आरोपी राजस्थान के गांव गोकलपुर निवासी संदीप को रविवार को जेल भेज दिया गया। ज्ञात हो कि शुक्रवार की रात गांव नेहरू नगर में चल रही नकली दूध व घी बनाने की फैक्ट्री पर पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर व डीएसपी राजेश कुमार की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ छापामारा था। जिसमें 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं भारी मात्रा में नकली दूध व घी के साथ साथ नकली दूध व घी बनाने की सामग्री बरामद की थी। पांच में से एक आरोपी संदीप को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। जिसका रविवार को रिमांड के बाद न्यायालय नारनौल पेश किया गया जहां से न्यायालय ने आरोपी को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में नसीबपुर जेल भेज दिया।
-दो लोग मिलकर चलाते थे फैक्ट्री
रिमांड के दौरान आरोपी संदीप से पूछताछ में पता चला कि फरार आरोपी मुकेश गांव नेहरू नगर का रहने वाला है। संदीप और मुकेश दोनों आपस में मिलकर पहले साढ़े चार साल से मोटर साइकिल पर दूध बेचने का धंधा करते थे और आपस में दोनों दोस्त थे। इनके दिमाग में ज्यादा रुपया कमाने का जुनून था। तब इन दोनों ने माल्टेज पाउडर व ग्लूकोज पाउडर से नकली दूध बनाने की योजना बनाई तब आरोपी मुकेश ने अपने खेत गांव नेहरू नगर में यह फैक्ट्री लगाई और इन्होंने इस में काम करने के लिये 4 और लोगों को नौकरी पर रख लिया। इन्होंने अपना नकली दूध बनाकर हेरिटेज मिल्क प्लांट बहरोड़ व अमूल दूध डेयरी कनीना सप्लाई करना शुरू दिया। यह नकली दूध का धंधा करीब 4 महीनों से ही कर रहे थे। ये फैक्ट्री में किसी को अंदर नहीं आने देते थे। पिकअप गाड़ी में दूध के छोटे ड्रम में नकली दूध भर कर ले जाते और वापस में उन्हीं ड्रामों में पानी भर कर ले आते थे।
ये हर रोज 800 सौ से 900 सौ लीटर दूध तैयार करते और इसी दूध में रिफाइंड तेल मिलाकर इससे नकली क्रीम बनाते। आरोपी संदीप व मुकेश दोनों इस गोरखधंधे में पार्टनर थे। इस केस की जांच में उन लोगों का भी पता किया जा रहा है जो मिलकर प्लांट में दूध भिजवाते थे। पुलिस पीआरओ नरेश कुमार ने बताया कि एक आरोपी मुकेश अब भी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा जगह जगह छापे मारी कर रही है। जल्द ही फरार आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।