फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारनौल: शराब बेच रहे व्यक्ति को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, सदर थाना प्रभारी और एएसआई को आईं चोटें

Sun, 06 Mar 2022 06:56 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, नारनौल (हरियाणा)

सार

पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है।
विज्ञापन
थाना सदर नारनौल। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के नारनौल में घर में शराब बेचने की सूचना मिलने के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए शनिवार रात साढ़े 12 से 1 बजे के बीच गांव बलाहा कलां गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सदर थाना प्रभारी सहित दो पुलिस कर्मचारियों को हल्की तो एक एएसआई को गंभीर चोट आई है। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने शराब बेचने वाले आरोपी सहित छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इस दौरान आरोपी के घर से 94 बोतल देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। 

विज्ञापन


सदर थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के अनुसार शनिवार रात में गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली की गांव बलाहा कलां में एक व्यक्ति घर में अवैध तरीके से शराब बेच रहा है। अगर छापा मारा जाय तो उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। सूचना के आधार पर उन्होंने छापा मारने के लिए एक टीम तैयार की।

टीम में उनके अलावा एएसआई सुरेंद्र, सिपाही नवीन और चालक नवीन शामिल थे। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना में बताए गए स्थान पर पहुंचे तो वहां पर एक व्यक्ति खड़ा हुआ दिखाई दिया। उसके पास ही शराब की पेटियां रखी हुई थीं। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
विज्ञापन


पूछताछ में उसने अपना नाम जितेंद्र उर्फ कालिया निवासी बलाहा कलां बताया। उसके पास से मिली शराब की पेटियों की जांच की गई तो उनमें से 24 बोतल देसी शराब, 60 बोतल वोदका और नौ बोतल अन्य मार्का की अंग्रेजी शराब मिली। 

शराब रखने के बारे में जब जितेंद्र उर्फ कालिया से लाइसेंस और परमिट मांगा गया तो वह नहीं दिखा सका। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसी दौरान जितेंद्र का साथी वीरेंद्र उर्फ पिंकू वहां पर आ गया और झगड़ा करने लगा। पिंकू ने आवाज लगाकर अपने परिवार के रवींद्र, मंजू, ज्योति और संजू को बुला लिया। उक्त सभी लाठी-डंडे लेकर वहां पर आए और उन पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने उनके साथ मार-पिटाई की। वे जितेंद्र उर्फ कालिया को छुड़ाकर अपने साथ ले गए। इस झगड़े में उसे व एएसआई सुरेंद्र को चोटें आईं। थाना प्रभारी ने कहा कि उक्त लोगों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। थाना प्रभारी की शिकायत पर उक्त लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
 

पुलिस टीम पर हमला करने वाले छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  -मनीष कुमार, सदर थाना प्रभारी, नारनौल प्रभारी।


पुलिस ने पकड़ी शराब, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मोहल्ला पुरानी सराय निवासी राहुल सैनी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम के पास से शराब के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से 26 पाव और 12 अद्धा बोतल देसी शराब और 4600 रुपये मिले हैं। 

इसके अलावा अटेली में पशु बांधने के प्लॉट से देसी शराब की पांच पेटियां मिली हैं। आरोपी अटेली निवासी जितेंद्र मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसी कड़ी में अटेली पुलिस ने गांव राता कलां में नाकाबंदी कर रणधीर निवासी राता कलां को 9 बोतल देसी शराब के गिरफ्तार किया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें