जिले में ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसते हुए शनिवार रात को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की गई। इसके कारण रविवार को सड़कों पर एक भी ओवरलोड ट्रक या डंपर नजर नहीं आए। शनिवार रात को एसपी हामिद अख्तर की अगुवाई में चले इस अभियान में जिले भर से 129 डंपरों को इंपाउंड किया गया।
पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ की सीमा राजस्थान बार्डर से लगती है। जहां से काफी मात्रा में ओवरलोड डंपर, ट्रक आदि पत्थरों व बजरी से भरकर जिला महेंद्रगढ़ की सीमा में प्रवेश करते हैं। इन ओवरलोड वाहनों से आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं होती रहती हैं और सार्वजनिक संपत्ति सड़कों का भी भारी नुकसान होता है। उन्होंने बताया कि महेंद्रगढ़ जिला में बने क्रशर जोन से भी भारी मात्रा में ओवरलोड डंपर व ट्रक चलते हैं। इन ओवरलोड वाहनों पर लगाम कसने के लिए हरियाणा सरकार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि इन ओवरलोड वाहनों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए जहां-जहां से ये वाहन गुजरते हैं, उन्होंने उन स्थानों का स्वयं दौरा किया। जिला महेंद्रगढ़ की सीमा में कुल सात नाके लगाए गए हैं। जिनमें दताल नाका, दोखेरा नाका, धोली पहाड़ी धौलेड़ा, बायल नाका, छिलरो, नांगतिहाड़ी व नीरपुर शामिल हैं। इन नाकों पर 5-5 पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहकर ओवरलोड वाहनों को प्रदेश की सीमा में नहीं घुसने देंगे। इन नाकों पर तैनात पुलिस कर्मियों को बेरीकेड अच्छी किस्म की बैटरी उपलब्ध करवाई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार रात को पूरे जिले में राजेश कुमार उप पुलिस अधीक्षक, शाकिर हुसैन उप पुलिस अधीक्षक कनीना व ओमप्रकाश उपपुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़ की अगुवाई में 8 टीमों ने संयुक्त रूप से पत्थरों व बजरी से भरे ओवरलोड डंपर, ट्रक आदि पर सख्त कार्रवाई की है। इस दौरान पूरे जिले में 129 पत्थरों व बजरी से भरे ओवरलोड डंपर ट्रकों को इंपाउंड किया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिससे दुर्घटनाओं में कमी आ सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा डंपर व ट्रक मालिकों को सख्त आदेश दिया गया है कि अपनी गाड़ी को ओवरसाइज बाडी की दो दिन के अंदर कटवाकर निर्धारित मापदंड के अनुसार अपनी गाड़ियां चलाएं।
यहां-यहां किए वाहन इंपाउंड
डीएसपी महेंद्रगढ़ 20
डीएसपी कनीना 22
एसएचओ सदर 22
एसएचओ सिटी नारनौल 5
एसएचओ अटेली 2
एसएचओ नां चौधरी 5
एसएचओ ट्रैफिक 10
आईसीपीपी महावीर चौक 9
आईसीपीपी ओल्ड सिटी 9
आईसीपीपी फैजाबाद 3
आईसीपीपी निजामपुर 22
कुल 129