अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। सतनाली के गांव डालनवास में राजस्थान पुलिस पर हमला कर बंधक बनाने के आरोपी बलवान सिंह को पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां अदालत ने आरोपी को 27 जनवरी तक के लिए जेल भेज दिया है। आरोपी की जमानत पर सोमवार को सुनवाई होगी।
गांव डालनवास में शादी वाले घर में राजस्थान पुलिस की छापामारी के दौरान पुलिस पर हमला करने, पुलिस को बंधक बनाने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में सतनाली पुलिस ने मंगलवार देर रात बलवान सिंह को गिरफ्तार किया। बुधवार को महेंद्रगढ़ उप नागरिक अस्पताल में बलवान का मेडिकल करवाकर महेंद्रगढ़ स्थित एसडीजेएम निमित कुमार की अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने आरोपी को 27 जनवरी तक जेल भेज दिया। इसके बाद सतनाली पुलिस आरोपी बलवान को नसीबपुर जेल लेकर पहुंची। बलवान सिंह की जमानत पर सोमवार 27 जनवरी को सुनवाई होगी।
सतनाली थाना प्रभारी राजेंद्र कौशल ने कहा कि उक्त मामले में करीब 21 आरोपी हैं। पूरी पुलिस टीम गणतंत्र दिवस की तैयारियों में लगी है। इस कारण अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। 27 जनवरी के बाद ही इस मामले में गिरफ्तारी की जा सकेंगी। राजस्थान पुलिस की गाड़ी अभी सतनाली थाने में ही है।
यह था मामला
डालनवास निवासी सुमेर पर राजस्थान के बुहाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। आरोपी सुमेर की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार दोपहर को राजस्थान पुलिस ने सुमेर के भाई सुरेंद्र के घर पर छापा मारा था। जिस समय छापा मारा उस समय सुरेंद्र की बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी। बेटी की शादी के समय पुलिस की छापेमारी से गुस्साए परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया था। हमले में आठ पुलिसकर्मियों को चोट आई थी।