अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
चोर नांगल चौधरी रोड पर नई अनाज मंडी से के पास स्थित एक मिल की पिछली दीवार में सेंधमारी कर शुक्रवार रात लाखों रुपये के ग्वार के करीब 400 कट्टे चोरी कर ले गए। मिल के चौकीदार को चोरी के बारे में सुबह राउंड के दौरान पता चला। इसकी सूचना चौकीदार ने मिल मालिक को दी। इसके बाद मिल मालिक ने सूचना पुलिस को दी। चोरी की सूचना पाकर थाना शहर प्रभारी ने टीम के साथ मौका मुआयना किया।
सुरेश चौधरी ने महालक्ष्मी एग्री प्रोडेक्ट के नाम से एक मिल बनाई हुई है। उक्त मिल में ग्वार, बाजरा व अन्य अनाज के कट्टे रखे हुए हैं। मिल मालिक के अनुसार मिल में अनाज के सैकड़ों कट्टे रखे हैं। शुक्रवार रात को चोर मिल की पिछली दीवार में सेंधमारी कर ग्वार के करीब 400 कट्टे चोरी कर ले गए। प्रत्येक कट्टे में 50 किलो ग्वार था। इसके हिसाब से चोर करीब 200 क्विंटल ग्वार चोरी कर ले गए। जिसका बाजार भाव करीब आठ लाख रुपये है।
शनिवार सुबह जब मिल में तैनात चौकीदार मिल के चारों ओर राउंड ले रहा था तो उसे पीछे की दिवार नहर की तरफ से टूूटी दिखाई दी। इसकी जानकारी तुरंत मिल मालिक को दी। मिल मालिक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मिल के अंदर जाकर निरीक्षण किया तो मिल से दीवार के साथ रखे गए कट्टे चोरी मिले। सूचना मिलने के बाद थाना शहर प्रभारी वेद प्रकाश ने टीम के साथ मिल का निरीक्षण किया। वहीं, पुलिस ने मिल मालिक सुरेश कुमार चौधरी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।