अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शनिवार रात हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि अन्य सात व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलबने पर पुलिस ने रविवार सुबह आवश्यक कागजी कार्रवाई कर दोनो मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव भोजावास (अटेली) निवासी मुकेश कुमार पुत्र शिम्भूदयाल व उसका साथी सतबीर सिंह शनिवार रात करीब 8 बजे नारनौल से बाइक से अपने गांव जा रहे थे। अभी वह गांव बाछौद के निकट सन राइज होटल के पास पहुंचने पर उन्होंने लघुशंका के लिए सड़क के किनारे बाइक को रोक दी। बाइक को रोकने के बाद सतबीर िलघुशंका के लिए चला गया और मुकेश बाइक के पास ही खड़ा रहा। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने मुकेश को टक्कर मारकर फरार हो गया। इस दुर्घटना में मुकेश गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल मुकेश को सतबीर ने एंबुलेंस से उपचार के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने रविवार सुबह नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है।
दूसरी घटना में शनिवार शाम करीब 5.30 बजे रेलवे के किलोमीटर नंबर-52 के निकट ट्रैक पार करते समय नारनौल निवासी हेमंत पुत्र किरोड़ीमल मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगामी इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे जयपुर ले जा रहे थे कि हेमंत ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसे वापस नारनौल अस्पताल ले आए। इसके बाद चिकित्सकों ने रेलवे पुलिस को रुक्का भिजवाया। रुक्का मिलने पर रेलवे पुलिस ने रविवार की सुबह अस्पताल में पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।